एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-I की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नित्थर में विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और निगम मुख्यालय शिमला के एक्शन प्लान के अनुसार स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद स्वच्छता जागरूकता रैली, स्वच्छता एवं जल संचय संवाद तथा जीरो वेस्ट स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के तहत खो-खो प्रतियोगिता करवाई गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय के खेल मैदान की सफाई में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर जल संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और वर्षा जल संचय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। जल शक्ति विभाग, उपमंडल नित्थर के अभियंता महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण, जल के उचित उपयोग तथा वर्षा जल संचय के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से जल की बर्बादी रोकने और उपलब्ध जल संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इसके बाद जल संरक्षण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन-2026 विषय पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
वहीं, व्यापक जनजागरूकता और सूचना प्रसार के उद्देश्य से परियोजना के निर्माण क्षेत्र के समीप स्थित ग्राम पंचायत देहरा के पंचायत घर की दीवार पर स्वच्छता जागरूकता संबंधी पोस्टर एवं बैनर भी तैयार किए जा रहे हैं। परियोजना प्रबंधन के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में स्वच्छता, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
