एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन चार जिला परिषद वार्डों से कुल 16 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ-साथ कांग्रेस के बागी उम्मीदवारों और निर्दलीयों ने भी ताल ठोक दी, जिससे चुनावी मुकाबला रोचक बन गया है।






कांग्रेस के बागी उम्मीदवारों ने खास तौर पर ज्यूरी-त्यावल और नरैण वार्ड में अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ज्यूरी-त्यावल वार्ड से शशि जिंटा द्रोहा और नरैण वार्ड से दीवान मिंडन ने बतौर बागी प्रत्याशी नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा छह उम्मीदवार निर्दलीय मैदान में उतरे हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने बताया कि कांग्रेस की ओर से ज्यूरी-त्यावल वार्ड से अनुराधा, नरैण वार्ड से सुदेश कौशिक और बगलती वार्ड से रोमीला कैरो ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किए। जबकि झाकड़ी वार्ड से इंदु बाला पहले ही अपना नामांकन जमा करवा चुकी हैं। वहीं भाजपा की ओर से ज्यूरी-त्यावल वार्ड से रेखा, झाकड़ी वार्ड से ममता आजाद और नरैण वार्ड से शिवराम ने नामांकन दाखिल किया। बगलती वार्ड से भाजपा प्रत्याशी रानू खूंद पहले ही अपना पर्चा भर चुकी हैं। यह जानकारी भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने दी।
नामांकन के दौरान दोनों प्रमुख दलों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस समर्थक राज दरबार से एसडीएम कार्यालय तक ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ पहुंचे। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सतलुज कैफे खोपड़ी से अपने प्रत्याशियों के समर्थन में रैली निकाली और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर शक्ति प्रदर्शन किया।
उधर पंचायत समिति चुनावों में भी मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। रामपुर उपमंडल के 19 पंचायत समिति वार्डों से 70 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जबकि ननखड़ी विकास खंड के 15 पंचायत समिति वार्डों से 40 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन जमा करवाए हैं।
