एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
जिला कुल्लू के राजकीय महाविद्यालय निरमंड के प्राचार्य डॉ. कुलजीत सिंह तथा सहायक प्राध्यापक कैप्टन डॉ. संदीप कुमार ठाकुर ने बुधवार को रीता मोड़ के समीप निर्माणाधीन नए महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं श्रमिकों से बातचीत की।
प्राचार्य डॉ. कुलजीत सिंह ने बताया कि नए महाविद्यालय परिसर का निर्माण कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि नए परिसर के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को भविष्य में अधिक सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा। प्राचार्य ने निर्माण कार्य में तेजी आने पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि परियोजना निर्धारित समय पर पूर्ण होगी।
