एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में बुधवार को जिला शिक्षा विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राहुल कुमार तथा अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
इस वर्ष जिला बिलासपुर के 21 विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की प्रदेश स्तरीय टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है।
12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी
12वीं विज्ञान संकाय में मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दिवांगी ने 490 अंक लेकर प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरठीं के शिवम शर्मा सातवें स्थान पर रहे, जबकि आर.के. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल घंडालवीं की मुस्कान शर्मा ने आठवां स्थान हासिल किया। वहीं जुखाला की अनन्या शर्मा और मिनर्वा स्कूल की वैदेही शर्मा संयुक्त रूप से दसवें स्थान पर रहीं।
कला संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जकातखाना की गौरी शर्मा ने प्रदेश में चौथा स्थान तथा बरठीं की तेजस्विनी शर्मा ने दसवां स्थान प्राप्त किया।
10वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राएं
10वीं कक्षा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा ने 99.71 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं के अभिमन्यु पटियाल और हिम सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हर्षिता संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे। हिम सर्वोदय स्कूल की काव्या ने सातवां स्थान हासिल किया।
इसके अलावा ऋद्धिमा ठाकुर, आरव शर्मा, आयुष शर्मा, नविता शर्मा, जैस्मिन, हर्षिता चड्ढा, प्रांशी गुप्ता और मनीषा शर्मा सहित अन्य विद्यार्थियों को भी प्रदेश मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अरुण गौतम सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
