एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला ग्रामीण क्षेत्र में दो दिवसीय जिला स्तरीय सिपुर मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेले में वॉलीबाल, कबड्डी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 50 टीमों ने भाग लिया। वॉलीबाल में 18 टीमों ने हिस्सा लिया, जबकि महिला कबड्डी में 10 और पुरुष कबड्डी में 22 टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

महिला कबड्डी प्रतियोगिता में बाबा जोगों टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि पांवटा साहिब की टीम दूसरे स्थान पर रही। वॉलीबाल प्रतियोगिता में लव ब्रदर्स टीम विजेता बनी और नेगी ब्रदर्स टीम उपविजेता रही। वहीं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स क्लब गुम्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि कोहिनूर टीम दूसरे स्थान पर रही।
मेले में खेल गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मन मोह लिया। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इनमें राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा, एमपीएस मशोबरा, एमईएस मशोबरा, सोफिया स्कूल मशोबरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मूलकोटी, राजकीय उच्च पाठशाला बग्थल, राजकीय प्राथमिक पाठशाला दियोठी, आरपीएस बलदेयां और राजकीय आईटीआई मशोबरा की टीमें शामिल रहीं।

समापन समारोह के दौरान एसडीएम मनजीत शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 31 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को 18 हजार रुपये नकद इनाम और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
