एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर में 15 जून को आयोजित होने वाली आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों, आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली और समन्वय व्यवस्था पर चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि मॉक ड्रिल के दौरान सतलुज बेसिन क्षेत्र में बादल फटने (क्लाउडबर्स्ट) और अचानक बाढ़ आने की काल्पनिक स्थिति का अभ्यास किया जाएगा। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय का परीक्षण किया जाएगा।
उपमंडलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी तैयारियां समय पर पूरी करें और राहत एवं बचाव कार्य, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं, यातायात प्रबंधन तथा प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।
उन्होंने बताया कि 15 जून को पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रामपुर में आयोजित होने वाली इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की व्यवहारिक समीक्षा की जाएगी और विभिन्न विभागों की तत्परता का आकलन किया जाएगा।
बैठक में नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी सहित सेना, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, अग्निशमन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
