एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह राजनीति के एक दिग्गज नेता थे और उनकी स्मृति में आयोजित यह अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेल जगत के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के लिए भी एक नई मिसाल स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी प्रयासों के कारण हिमाचल प्रदेश को देशभर में एक अलग पहचान मिली है। वर्तमान प्रदेश सरकार भी उनके आदर्शों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मुक्केबाजों के प्रदर्शन को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन से शिमला एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है। यह आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
चैंपियनशिप में भारत के मुक्केबाज श्रीलंका, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला और खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, विधायक हरदीप सिंह बावा, उपमहापौर उमा कौशल, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
