एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के ऊनु महादेव ज्यूरी के महंत मस्त गिरी बाबा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी तथा उपनिदेशक से भेंट कर ऊनु महादेव से श्रीखंड महादेव तक प्रस्तावित छड़ी यात्रा मार्ग के शीघ्र निरीक्षण की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान विजय महाटेट, 15/20 विकास सभा के अध्यक्ष एम.एल. मेहता तथा हिमाचल प्रदेश सचिवालय से सेवानिवृत्त सचिव नेक राम निल्टू शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को छड़ी यात्रा के धार्मिक महत्व और मार्ग के तकनीकी निरीक्षण की आवश्यकता से अवगत कराया।
निदेशक अविनाश नेगी ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऊनु महादेव से श्रीखंड महादेव तक प्रस्तावित यात्रा मार्ग के निरीक्षण के लिए शीघ्र ही एक विशेष टीम गठित कर भेजी जाएगी, ताकि मार्ग की स्थिति का आकलन किया जा सके।
इस अवसर पर महंत मस्त गिरी बाबा ने छड़ी यात्रा को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा क्षेत्र के सभी पंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि श्रीखंड महादेव छड़ी यात्रा भगवान भोलेनाथ की आस्था, धार्मिक परंपरा और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है।
