एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश के खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी और गौरवपूर्ण खबर है। प्रदेश के छह होनहार वॉलीबाल खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी चीन में आयोजित होने वाली आईएसएफ अंडर-18 विश्व स्कूल वॉलीबाल चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 से 10 जुलाई, 2026 तक चीन में खेली जाएगी।
इन 6 खिलाड़ियों ने बढ़ाया हिमाचल का मान
एडीपीओ (ADPO) राज्य मुख्यालय संतोष चौहान ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय वॉलीबाल टीम में हिमाचल के जिन छह खिलाड़ियों को जगह मिली है, उनमें स्पोर्ट्स हॉस्टल, रोहड़ू के विराज , युवराज सिंह व अर्नव चौहान, स्पोर्ट्स हॉस्टल, मतियाना के वंश शर्मा, ठाकुर रामलाल स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, जुब्बल की अर्चिता और कृति चंदेल शामिल हैं। ये खिलाड़ी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि इस बड़ी उपलब्धि के पीछे कोच जितेंद्र धौल्टा, देवेंद्र चौहान और राष्ट्रीय कोच देवेंद्र चंदेल का अहम योगदान रहा है, जिन्होंने इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया। उधर, हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी चयनित खिलाड़ियों, उनके माता-पिता और कोचों को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी है। यह पूरे प्रदेश के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी चीन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न सिर्फ हिमाचल का बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
