एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार वीबी-जी रामजी योजना को लेकर लोगों के बीच भ्रामक जानकारी फैला रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तथ्यों के विपरीत बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह प्रचारित कर रही है कि नई योजना लागू होने से मनरेगा श्रमिकों की दिहाड़ी कम हो जाएगी, जबकि कानून में स्पष्ट प्रावधान है कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत मिलने वाला मानदेय मनरेगा से कम नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 100 दिनों के बजाय 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही यदि 15 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है तो श्रमिकों को ब्याज सहित भुगतान मिलेगा। रोजगार उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ते का भी प्रावधान किया गया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि योजना के अंतर्गत कार्य के दौरान दुर्घटना होने पर श्रमिकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ भी मिलेगा। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्यों में केंद्र सरकार की वित्तीय हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत कर दी गई है।
राकेश डोगरा ने आरोप लगाया कि इन प्रावधानों के बावजूद प्रदेश सरकार राजनीतिक कारणों से लोगों के बीच गलत जानकारी फैलाकर उन्हें भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
