एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को सराहन स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, राजस्व मामलों तथा जनहित से संबंधित समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बागवानी विभाग के अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों, उनके उपयोग, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विभाग बागवानों को बाजार मूल्य की तुलना में रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करा रहा है, जिससे उनकी उत्पादन लागत कम होगी और आय में वृद्धि होगी।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और बागवानों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से जन शिकायतों के निस्तारण में जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप निदेशक बागवानी डॉ. सुदर्शना नेगी, सहायक आयुक्त (राजस्व) एवं तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार, एसएमएस बागवानी रामपुर संजय कुमार चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
