एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में शुक्रवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए स्टूडेंट्स इंडक्शन कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करने के साथ उन्हें नई शिक्षा नीति के तहत लागू शैक्षणिक व्यवस्था, विषय चयन, क्रेडिट प्रणाली, बहुविषयक शिक्षा, कौशल-आधारित पाठ्यक्रम तथा विश्वविद्यालय की नवीन मूल्यांकन प्रणाली से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि महाविद्यालय केवल उच्च शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन अपनाने के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स एंड रेंजर्स, रेड रिबन क्लब, इको क्लब, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीए अंतिम वर्ष वार्षिक परीक्षा-2026 में 9.33 सीजीपीए (95.59 प्रतिशत अंक) के साथ प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महाविद्यालय की मेधावी छात्रा एवं पूर्व सीएससीए महासचिव नमिता को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने कहा कि नमिता की उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नमिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और महाविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को देते हुए विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ लक्ष्य हासिल करने का संदेश दिया।
ओरिएंटेशन सत्र में डॉ. राजन देवी नेगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत मेजर-माइनर विषय, एमडीसी, एसईसी, वैल्यू एडेड कोर्स, क्रेडिट प्रणाली, परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। वहीं डॉ. अनुराधा नेगी कनैन ने महाविद्यालय की विभिन्न छात्र इकाइयों एवं क्लबों का परिचय कराते हुए उनमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्र भी आयोजित किए गए। डॉ. विद्या बंधु नेगी ने खेल गतिविधियों, नशा मुक्ति और अनुशासन, डॉ. राजन नेगी ने शैक्षणिक व्यवस्था, राजेश नेगी ने छात्रावास सुविधाओं, डॉ. शिवाली ठाकुर ने करियर मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग, डॉ. गोपी चंद नेगी ने छात्रवृत्ति एवं छात्र कल्याण योजनाओं तथा प्रमिला ठाकुर ने पुस्तकालय एवं ई-रिसोर्सेज की जानकारी दी।
एनसीसी प्रभारी नरेंद्र सैनी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रंजू नेगी तथा रोवर्स एंड रेंजर्स प्रभारी पुष्पा ने अपनी-अपनी इकाइयों की गतिविधियों, उपलब्धियों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी साझा करते हुए उनसे इन इकाइयों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजन देवी नेगी ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. विद्या बंधु नेगी ने प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, पीटीए एवं ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
