एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर उपमंडल की देवधार पंचायत के तनेली गांव में एक 22 वर्षीय विवाहिता ने लगाया फंदा। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। मृतका की पहचान भूपेंद्र कुमारी (22) पत्नी यशपाल के रूप में हुई है, जो अपने पीछे 2 साल की मासूम बेटी को छोड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर पर कोई भी वयस्क सदस्य मौजूद नहीं था। मृतका का पति यशपाल मजदूरी के सिलसिले में लाहुल गया हुआ था, जबकि सास किसी काम से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान भूपेंद्र कुमारी ने कमरे में फंदा लगा लिया। परिजनों के घर लौटने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही गोहर पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए हैं। मायके वालों द्वारा किसी भी तरह का संदेह या आरोप न जताए जाने के कारण पुलिस ने फिलहाल ससुराल पक्ष के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
