एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ब्लॉक कांग्रेस रामपुर ने नीट पेपर लीक और अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के मुद्दे को लेकर शहर में विरोध रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के हितों की सुरक्षा की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रैली की शुरुआत राजदरबार परिसर से हुई। इसके बाद कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग-5 और मुख्य बाजार से होते हुए दोबारा राजदरबार परिसर पहुंचे, जहां आयोजित सभा की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने की।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुका है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 12 वर्षों में विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के कई पेपर लीक होने की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए केंद्र सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे में अनियमितताएं हुई हैं और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन ने यह संदेश दिया है कि देश का युवा अपने अधिकारों के प्रति सजग है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। नेताओं ने यह दावा भी किया कि छात्र आंदोलनों के दबाव में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। रैली के दौरान शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, एसएफआई, महिला मंडलों और युवक मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
