एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 6, 7 और 8 अगस्त, 2026 को ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत राज्यभर में ब्लॉक स्तर पर जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित क्षेत्र के विधायक करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रमों के लिए ग्राम पंचायतों के क्लस्टर बनाए जाएंगे, जिनमें अधिकतम 10 पंचायतें शामिल होंगी। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चिन्हित अति निर्धन परिवारों को इन जन-संवाद कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर प्रभावी योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर लागू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि विभाग ने आठ चरणों में सर्वेक्षण पूरा कर प्रदेशभर में लगभग 1.78 लाख अति निर्धन परिवारों की पहचान की है। इनमें करीब 85 हजार ऐसे परिवार हैं, जिन्हें अब तक न तो बीपीएल सूची में शामिल किया गया और न ही किसी सरकारी कल्याणकारी योजना का लाभ मिल सका।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो अब तक अपने अधिकारों से वंचित रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की घोषणा चालू वित्त वर्ष के बजट में की गई थी और अब इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिन्हित अति निर्धन परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाएगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ प्रदेश की समग्र अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अति निर्धन परिवारों के चयन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और ईमानदारी से संपन्न की गई है तथा संबंधित अधिकारियों को इसके लिए जवाबदेह बनाया गया है।
बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव सी. पालरासु, विभाग के निदेशक राघव शर्मा, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस के निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
