एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, निचार में 2.19 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कन्या छात्रावास का राजस्व, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर में शिक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि निचार, भावानगर, रिकांगपिओ, सांगला और कानम के सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न के तहत शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नीट, जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें निजी विद्यालयों के छात्रों के बराबर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाना है।
मंत्री ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, 73वां पंचायती राज संशोधन तथा वन अधिकार अधिनियम-2006 जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन हैं, जिनसे ग्रामीण लोकतंत्र और जनजातीय समुदाय को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार किसानों, बागवानों, पशुपालकों और कामगारों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 61 रुपये तथा भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है।
जगत सिंह नेगी ने पूर्व भाजपा सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण और 1974 के पोखरण परमाणु परीक्षण का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस सरकारों के योगदान की चर्चा की।
कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं उद्घाटन
दौरे के दौरान मंत्री ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पूजे में 42 लाख रुपये की लागत से बने नए भवन का लोकार्पण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इसके अलावा 21 लाख रुपये की लागत से बने नालचे सामुदायिक भवन का उद्घाटन तथा 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित कंगोस संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया।
उन्होंने पंचायत घर निचार के सभागार में वन विभाग की जल संग्रहण क्षेत्र उपचार योजना के तहत बीपीएल परिवारों को 90 इंडक्शन हीटर एवं बाल्टियां भी वितरित कीं।
इस अवसर पर किनफैड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, जिला परिषद अध्यक्ष हकीम चंद नेगी, कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनोज नेगी, प्रधान मीरा नेगी, एसडीएम निचार नेहा नेगी, बीडीओ डॉ. जितेंद्र चंदेल, डीएसपी राज कुमार, सहायक वन संरक्षक करण कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
