एआरबी टाइम्स ब्यूरो | चंबा
पवित्र मणिमहेश यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का इंतजार समाप्त हो गया है। यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया आज से आधिकारिक रूप से शुरू हो रही है। इस वर्ष यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए हैं। श्रद्धालु आधिकारिक पोर्टल https://manimaheshyatra.hp.gov.in पर जाकर अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर स्लॉट बुकिंग
भरमौर प्रशासन के अनुसार, प्रथम चरण में 25, 26 और 27 अगस्त की यात्रा के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। यात्रा के लिए प्रतिदिन अधिकतम 5,000 श्रद्धालुओं का कोटा निर्धारित किया गया है। सभी स्लॉट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर आवंटित किए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से हिदायत दी है कि बिना वैध ऑनलाइन पंजीकरण के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पंजीकरण शुरू होते ही अपने आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और अपना स्लॉट समय पर सुरक्षित कर लें।
👉 यह भी पढ़ें : मणिमहेश यात्रा 2026: बिना रजिस्ट्रेशन के नहीं मिलेगा प्रवेश, अगस्त से शुरू होगी बुकिंग, जानिए कितना लगेगा शुल्क
पोर्टल पर मिलेगा मौसम का लाइव पूर्वानुमान
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भरमौर क्षेत्र के लिए विशेष मौसम पूर्वानुमान का लिंक यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है। इससे श्रद्धालु पंजीकरण और यात्रा शुरू करने से पहले भरमौर के पल-पल बदलते मौसम का सटीक पूर्वानुमान देख सकेंगे और उसी अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे।
सुरक्षित व सुगम अनुभव की तैयारी
प्रशासन के मुताबिक, देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और दिव्य अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सभी बुनियादी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों व वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों का ही पालन करें।
