एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
किन्नौर में सेब सीजन-2026 को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर चौरा में 24 घंटे संचालित होने वाला नियंत्रण कक्ष-सह-बैरियर स्थापित कर दिया गया है। वहीं, निचार उपमंडल प्रशासन ने सेब परिवहन के लिए मालभाड़ा तथा ग्रेडिंग-पैकिंग की प्रस्तावित दरें तय कर उपायुक्त किन्नौर की स्वीकृति के लिए भेज दी हैं।
जिलाधिकारी अमित कुमार शर्मा द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 के तहत जारी आदेशों के अनुसार चौरा बैरियर 30 नवंबर 2026 तक चौबीसों घंटे कार्य करेगा। इसका उद्देश्य सेब एवं अन्य बागवानी फसलों के सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखना है।
बैरियर पर वाहनों का पंजीकरण अनिवार्य
सेब और अन्य बागवानी उत्पाद लेकर आने-जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों को चौरा बैरियर पर अपने वाहन, गंतव्य और माल का विवरण दर्ज कराना अनिवार्य होगा। बागवानी विभाग फसल की आवाजाही और खाली डिब्बों के आदान-प्रदान का ऑनलाइन और ऑफलाइन रिकॉर्ड रखेगा।
जिला पुलिस सेब परिवहन में लगे चालकों और सहायकों को फोटो पहचान पत्र जारी करेगी। बैरियर पर तैनात कर्मचारी वाहनों के दस्तावेजों और माल का निरीक्षण करने के साथ-साथ सरकार द्वारा स्वीकृत मालभाड़ा दरों का अनुपालन भी सुनिश्चित करेंगे। खाली मालवाहक वाहनों को किन्नौर और आसपास के क्षेत्रों में समय पर परिवहन के लिए आवाजाही पर्ची जारी की जाएगी।
सेवा शुल्क भी निर्धारित
प्रशासन ने बैरियर पर पंजीकरण के लिए सेवा शुल्क भी तय किया है। हल्के मालवाहक (चार पहिया) वाहनों से प्रति यात्रा 200 रुपये, मध्यम मालवाहक (छह पहिया) वाहनों से 500 रुपये तथा भारी मालवाहक (छह पहिया से अधिक) वाहनों से 1,000 रुपये प्रति यात्रा शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क प्रत्येक यात्रा पर केवल एक बार लिया जाएगा तथा इसका रिकॉर्ड पुलिस अधीक्षक किन्नौर की निगरानी में रखा जाएगा।
निचार में मालभाड़ा दरों का प्रस्ताव तैयार
उधर, निचार उपमंडल प्रशासन ने ट्रक ऑपरेटर यूनियन, कैंपर यूनियन भावानगर-टापरी और सेब उत्पादकों के साथ बैठक के बाद मालभाड़ा दरों का प्रस्ताव तैयार किया है।
प्रस्ताव के अनुसार 8 से 12 टन क्षमता वाले ट्रकों के लिए निचार से चंडीगढ़ तक अधिकतम मालभाड़ा 1.50 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर प्रस्तावित किया गया है। चंडीगढ़ से आगे के सभी गंतव्यों के लिए यह दर 0.90 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर रखने का प्रस्ताव है।
इसी प्रकार 40 किलोमीटर तक पिकअप और एलटीवी वाहनों के लिए 5.40 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर तथा 40 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 4.42 रुपये प्रति क्विंटल प्रति किलोमीटर की दर प्रस्तावित की गई है।
ग्रेडिंग-पैकिंग का शुल्क 205 रुपये प्रति बॉक्स प्रस्तावित
प्रशासन ने ग्रेडिंग एवं पैकिंग के लिए 205 रुपये प्रति बॉक्स की दर प्रस्तावित की है। साथ ही सभी ग्रेडिंग एवं पैकिंग संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के बाहर निर्धारित दर सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मालभाड़ा और ग्रेडिंग-पैकिंग की ये दरें उपायुक्त किन्नौर की अंतिम स्वीकृति के बाद लागू होंगी। जिला प्रशासन का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से सेब सीजन के दौरान परिवहन व्यवस्था अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और विवादमुक्त बनेगी।
