एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के पूह तहसील स्थित कानम गांव के मूल निवासी एवं भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 2002 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विश्वेश नेगी को ईरान की राजधानी तेहरान में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (ओशिनिया) के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश, विशेषकर किन्नौर के लिए गर्व की उपलब्धि माना जा रहा है।
विश्वेश नेगी ने अपने कूटनीतिक करियर में कई महत्वपूर्ण देशों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने तेहरान (ईरान), रोम (इटली) और लंदन (यूनाइटेड किंगडम) स्थित भारतीय मिशनों में विभिन्न अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह तेहरान में द्वितीय सचिव (राजनीतिक), रोम में प्रथम सचिव (राजनीतिक) तथा लंदन में मंत्री (राजनीतिक एवं प्रेस) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (ओशिनिया) का दायित्व संभालने से पहले वह वर्ष 2022 से 2025 तक रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली में संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) के पद पर कार्यरत रहे। इसके अलावा विदेश मंत्रालय मुख्यालय में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, पाकिस्तान-अफगानिस्तान तथा श्रीलंका प्रभागों में निदेशक, उप सचिव और अवर सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
शैक्षणिक दृष्टि से भी विश्वेश नेगी का रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र और लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधियां प्राप्त की हैं। वर्ष 2008 में उन्होंने अमेरिका के जॉर्ज वॉशिंगटन विश्वविद्यालय के इलियट स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स से अमेरिकी विदेश नीति में डिप्लोमा भी किया। इसके साथ ही वह फ़ारसी (पर्शियन) भाषा के भी अच्छे जानकार हैं।
किन्नौर के कानम गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के शीर्ष पदों तक पहुंचने वाले विश्वेश नेगी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। उनकी नियुक्ति से किन्नौर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है।
