एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहड़ू पुलिस थाना की टीम ने अणु क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 4.50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) में अनुबंध (Contract) के आधार पर कार्यरत है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को पुलिस टीम एचपीपीडब्ल्यूडी (HPPWD) स्टोर, अणु के पास गश्त पर थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर 35 वर्षीय भुवनेश्वर (निवासी तहसील रोहड़ू) को रोककर नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की जेब से 4.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया।
NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज
रोहड़ू पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। जांच में मुख्य रूप से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाया था और क्या वह इसे केवल खुद के इस्तेमाल के लिए लाया था या किसी स्थानीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क (Drug Supply Network) का हिस्सा है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच जारी है।
