एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंबा | हिमाचल प्रदेश की सबसे कठिन और पवित्र धार्मिक यात्राओं में शामिल मणिमहेश यात्रा आज से शुरू हो रही है। यह यात्रा 20 सितंबर तक चलेगी। समुद्र तल से लगभग 13 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र मणिमहेश डल झील तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को हड़सर से 13 किलोमीटर से अधिक का दुर्गम पैदल सफर तय करना पड़ता है। यात्रा के दौरान मुख्य स्नान तिथियां इस प्रकार रहेंगी।
रक्षा बंधन स्नान: 28 अगस्त
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (छोटा शाही स्नान): शुभ मुहूर्त 3 सितंबर (गुरुवार) रात 2:26 बजे शुरू होगा। 4 सितंबर (शुक्रवार) को पूरे दिन ब्रह्म मुहूर्त रहेगा और रात 12:14 बजे तक स्नान किया जा सकेगा।
राधाष्टमी (बड़ा शाही स्नान): 18 सितंबर दोपहर 1:00 बजे से शुरू होकर 19 सितंबर शाम 3:28 बजे तक चलेगा।
सुरक्षा, राहत और स्वास्थ्य व्यवस्था
सुरक्षा बल: 1,000 से अधिक पुलिस एवं गृह रक्षक (Home Guards) तैनात रहेंगे। भरमौर, भरमाणी और हड़सर में ITBP के 20 जवान सुरक्षा संभालेंगे।
रेस्क्यू टीमें: हड़सर से धनछो तक SDRF के 40, धनछो से सुंदरासी तक पर्वतारोहण उपकेंद्र भरमौर के 60 और सुंदरासी से पवित्र डल तक NDRF के 30 विशेषज्ञ बचावकर्मी तैनात रहेंगे।
स्वास्थ्य सेवाएं: पूरे मार्ग पर ऑक्सीजन सिलिंडर, जरूरी दवाओं और उपकरणों से लैस 7 मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी।
रात्रिकालीन प्रतिबंध: सुरक्षा कारणों से मैहला से आगे एनएच पर रात 11:00 से सुबह 4:00 बजे तक और हड़सर से डल झील तक शाम 7:00 से सुबह 4:00 बजे तक आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
हेलिकॉप्टर सेवा और ठहराव की जानकारी
भरमौर से गौरीकुंड (एक तरफ का किराया): ₹3,828 प्रति श्रद्धालु
होली से गौरीकुंड (एक तरफ का किराया): ₹6,255 प्रति श्रद्धालु (नोट: 75 किलोग्राम से अधिक वजन होने पर अतिरिक्त शुल्क देय होगा, सेवा के लिए DGCA की मंजूरी अपेक्षित है)।
रहने की व्यवस्था: धनछो, सुंदरासी, गौरीकुंड और शिव कुंड के पास टेंट की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जहाँ प्रति बिस्तर का किराया ₹250 से ₹350 तय किया गया है।
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हेलिकॉप्टर की टिकटें आधिकारिक वेबसाइट manimaheshyatra.hp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन बुक की जा सकती हैं। ऑफलाइन टिकट का विकल्प केवल विशेष परिस्थितियों में गौरीकुंड से भरमौर वापसी के लिए उपलब्ध हो सकता है।
