एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल (जी.बी.पी.एम.) राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में सोमवार को करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल तथा विज्ञान विभाग की ओर से बंसल एकेडमी के सहयोग से विशेष जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का विषय “सीएसआईआर-यूजीसी नेट, उच्च शिक्षा में शोध के अवसर एवं करियर की दिशाएं” रहा।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के एमएससी वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान और गणित के विद्यार्थियों के लिए किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें सीएसआईआर-यूजीसी नेट और जेआरएफ जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
सेमिनार के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सीएसआईआर-यूजीसी नेट/जेआरएफ परीक्षाओं की तैयारी की प्रभावी रणनीति, परीक्षा के विभिन्न पहलुओं और अध्ययन की बेहतर कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध शोध फेलोशिप, वैज्ञानिक अनुसंधान के अवसर तथा शोध के माध्यम से बनने वाले विभिन्न करियर विकल्पों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को शोध के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए निरंतर अध्ययन, विषय की गहन समझ और प्रतियोगी परीक्षाओं की योजनाबद्ध तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
सेमिनार में स्नातकोत्तर विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से शोध एवं करियर से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का समन्वय करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजिका डॉ. शिवाली ठाकुर ने किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने वाली इस पहल की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
