एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को कल्पा में टोनंगचे मोड़ से दयापुंग संपर्क सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। करीब 66 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह संपर्क सड़क 700 मीटर लंबी होगी। सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ स्थानीय ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सड़क सुविधा की मांग भी पूरी होगी। इसके अलावा कृषि एवं बागवानी उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने विभिन्न विकासात्मक कार्यों और क्षेत्र की आवश्यकताओं से संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने को प्राथमिकता दे रही है। स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
निर्माणाधीन विश्राम गृह का किया निरीक्षण
इससे पहले जगत सिंह नेगी ने युवारिंगी के समीप जल शक्ति विभाग द्वारा निर्माणाधीन निरीक्षण गृह एवं विश्राम गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली तथा कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने रिकांग पीओ में पेयजल आपूर्ति के लिए निर्मित जल प्रशोधन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
