एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के सराहन में 23 अगस्त को आयोजित निशुल्क नेत्र जांच शिविर में चिन्हित 40 जरूरतमंद मरीजों के वीरवार को निशुल्क नेत्र ऑपरेशन करवाए गए। सभी ऑपरेशन अविनाश आईज अस्पताल, भद्राश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किए गए। ऑपरेशन का पूरा खर्च बुशहर स्पोर्ट्स कल्चर एवं एनवायरनमेंट एसोसिएशन की ओर से वहन किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने बताया कि 23 अगस्त को आयोजित निशुल्क नेत्र जांच शिविर में करीब 945 लोगों ने पंजीकरण करवाकर अपनी आंखों की जांच करवाई थी। चिकित्सकीय जांच के बाद 40 मरीज ऐसे पाए गए, जिनके लिए ऑपरेशन आवश्यक था। इन सभी मरीजों के ऑपरेशन संस्था की ओर से बिना किसी शुल्क के करवाए गए।
जरूरतमंदों तक वास्तविक मदद पहुंचाना संस्था का उद्देश्य
राहुल सोनी ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य केवल सामाजिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है। संस्था ने क्षेत्र के लोगों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया है। इसी उद्देश्य के तहत नेत्र जांच शिविर के बाद ऑपरेशन की आवश्यकता वाले मरीजों का निशुल्क उपचार करवाया गया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं का वास्तविक दायित्व समाज के उन लोगों तक सहायता पहुंचाना है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। संस्था भविष्य में भी स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखेगी।
सहयोगियों का जताया आभार
एसोसिएशन अध्यक्ष ने निशुल्क नेत्र जांच शिविर और ऑपरेशन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन, सहयोगियों और संस्था के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सराहन क्षेत्र के सभी साथियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने संस्था के सेवा कार्यों और उसके नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए सहयोग प्रदान किया।
राहुल सोनी ने कहा कि जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना ही संस्था की प्राथमिकता है। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भविष्य में भी सेवा कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखे जाएंगे।
