एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 228 चिकित्सा अधिकारियों (जनरल विंग) की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से 70 बैकलॉग पदों और 158 नए पदों को भरा जाएगा। विभाग ने भर्ती प्रक्रिया के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेज दिया है।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में सहायक प्रोफेसर का पद भी भरेगा
राज्य सरकार ने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के अंतर्गत गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी) में सहायक प्रोफेसर के एक पद को पदोन्नति के माध्यम से भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
इसी माह 194 चिकित्सकों की हुई नियुक्ति
सरकार ने इसी माह 194 चिकित्सकों की नियुक्ति की है, जिनमें 118 विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। इन चिकित्सकों को स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और सीनियर रेजिडेंसी की अवधि पूरी करने के बाद नियुक्ति दी गई है।
नवनियुक्त चिकित्सकों को प्रदेश के विभिन्न नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, क्षेत्रीय एवं जोनल अस्पतालों तथा चिकित्सा महाविद्यालयों में तैनात किया गया है। इससे स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार लोगों को उनके घर-द्वार के निकट बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ चिकित्सकों और अन्य चिकित्सा पेशेवरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नई भर्ती प्रक्रिया और चिकित्सकों की नियुक्ति से रिक्त पदों को भरने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं में सुधार होगा और मौजूदा चिकित्सकों का कार्यभार भी कम होगा।
