शिमला | इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में स्वाइन फ्लू (H1N1) से पीड़ित एक 64 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक मरीज बिलासपुर जिले का रहने वाला था। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
जानकारी के अनुसार, मरीज को सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते 13 अगस्त 2026 को आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 29 अगस्त को उनकी स्वाइन फ्लू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद आईजीएमसी प्रशासन ने संक्रमण को रोकने के लिए आवश्यक प्रोटोकॉल और सावधानियां लागू कर दी हैं।
👉 यह भी पढ़ें : Himachal : स्वाइन फ्लू से मंडी के कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की चंडीगढ़ में मौत, 2 नए मामले सामने आए
स्वाइन फ्लू (H1N1) के प्रमुख लक्षण : चिकित्सकों के अनुसार, स्वाइन फ्लू के लक्षण सामान्य मौसमी फ्लू से काफी मिलते-जुलते होते हैं, जिनकी समय रहते पहचान करना बेहद जरूरी है:
सामान्य लक्षण: तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, नाक बहना, ठंड लगना और अत्यधिक थकान।
बच्चों में लक्षण: मांसपेशियों में दर्द के साथ मतली, उल्टी या दस्त की शिकायत।
गंभीर चेतावनी संकेत: सांस लेने में तकलीफ, सीने में लगातार दर्द, बहुत तेज बुखार या बेहोशी जैसी स्थिति।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। डॉक्टरों ने आम जनता को लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने व हाथों की सफाई रखने की सलाह दी है।
