एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्वच्छ एवं व्यवस्थित रामपुर की दिशा में नगर परिषद ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अस्पताल के समीप सब्जी विक्रेताओं द्वारा उपयोग किए जा रहे स्थान पर विशेष सफाई अभियान चलाया। लंबे समय से बनी अव्यवस्था को दूर करने के लिए पहले पूरे क्षेत्र की सफाई करवाई गई। इसके बाद स्ट्रीट वेंडर्स को चिन्हित अस्थायी स्थान पर व्यवस्थित रूप से बैठाया गया।
नगर परिषद की ओर से स्ट्रीट वेंडर्स को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। परिषद का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी के रोजगार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि रोजगार के साथ-साथ स्वच्छता, यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
अभियान के दौरान नगर परिषद के उपप्रधान रोहित नेगी, वार्ड नंबर पांच की पार्षद निकिता गुप्ता, नगर परिषद के एसडीओ, जेई सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित रामपुर की दिशा में यह अभियान शुरुआत भर है। आने वाले समय में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सफाई व्यवस्था को बेहतर करने, अतिक्रमण एवं अव्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा आम लोगों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नगर परिषद ने शहरवासियों और स्ट्रीट वेंडर्स से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। परिषद का कहना है कि सभी के सामूहिक सहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रामपुर के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
