एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राज्य परिवहन निगमों के निजीकरण पर रोक लगाने और परिवहन कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर हिमाचल परिवहन मजदूर संघ 21 सितंबर 2026 को ज्ञापन सौंपेगा। यह कार्यक्रम भारतीय परिवहन मजदूर महासंघ के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है। संघ के प्रदेश कार्यसमिति के पदाधिकारी 21 सितंबर को हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। संघ के मुताबिक इसे प्रबंध निदेशक के माध्यम से प्रधानमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजा जाएगा।
निजीकरण रोकने और निगमों को मजबूत करने की मांग
प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन आम लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में राज्य परिवहन निगमों को मजबूत करने के बजाय निजीकरण को बढ़ावा देना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अनुबंध और अस्थायी व्यवस्था बढ़ने से कर्मचारियों के रोजगार, सेवा सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे गंभीर हो रहे हैं। संघ ने केंद्र सरकार से परिवहन निगमों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाकर मजबूत करने और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की मांग की है। पराशर ने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के तहत देशभर के परिवहन कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल परिवहन मजदूर संघ भी इसमें भाग लेगा।
