एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव में जिला किन्नौर स्कूल खेल संघ एवं शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय अंडर-19 छात्र वर्ग जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। प्रतियोगिता में जिले के 45 विद्यालयों के करीब 548 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं, जिनमें 38 सरकारी और सात निजी विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल हैं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि कल्पा स्थित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल में दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्विमिंग पूल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा बटसेरी से रकछम तक साइकिल ट्रैक का निर्माण और जिले में पैराग्लाइडिंग व राफ्टिंग की संभावनाओं को विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखकर पाठशालाओं की नियमित गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
मंत्री ने सीनियर संतोष ट्रॉफी में चयनित कोठी स्कूल की छात्रा अक्सा को 30 हजार रुपये तथा खेलो इंडिया में चयनित काफनू की नव्या और चोलिंग के ध्रुव नेगी को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
इससे पूर्व उन्होंने कटगांव खेल मैदान के विस्तारीकरण कार्य का शिलान्यास किया। जेएसडब्ल्यू द्वारा किए जाने वाले इस कार्य के लिए 30 लाख रुपये का प्रारंभिक बजट निर्धारित किया गया है। उन्होंने अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर उपाधीक्षक पुलिस वरुण पटियाल, उप शिक्षा निदेशक एवं जिला स्कूल खेल संघ के अध्यक्ष कुलदीप डोगरा, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य बीर सिंह नेगी, प्रधानाचार्य डाइट एवं युवा सेवाएं व खेल अधिकारी कुलदीप नेगी, पूर्व जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य जगदीश नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निचार अनिल नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्पा विक्रम सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
