एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार और एसजेवीएन निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ किया गया। यह पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत 17 सितंबर को परियोजना परिसर, झाकड़ी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई। कार्यक्रम में परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख, एनजेएचपीएस, ई. राजीव कपूर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इसके अलावा, हेल्पएज इंडिया की ओर से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से बसरा गांव के लोगों को भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
सरकारी विद्यालयों में होंगी प्रतियोगिताएं
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की ओर से विभिन्न रचनात्मक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए क्विज, पेंटिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, स्वच्छ जल संचय, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त स्वच्छता अभियान, स्वच्छता रैली और अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की ओर से आयोजित यह पखवाड़ा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा।
