एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहन में अंडर-19 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय माइनर गेम्स खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में शिमला जिले के 15 जोन से करीब 560 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान छात्राएं विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग के निदेशक यशपाल सोनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी ली और ज्योति प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। स्कूल के प्रबंध सचिव एवं कार्यवाहक प्रधानाचार्य उत्तम ठाकुर ने मुख्य अतिथि का टोपी और मफलर पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।
खेल प्रतियोगिताओं में छात्राएं दिखा रहीं प्रतिभा
डीएसएसए महासचिव एवं एसडीपीओ प्रदीप कंवर ने प्रतियोगिता के आयोजन और खेल गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, योग और शतरंज सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के अलग-अलग जोन से पहुंची छात्राएं इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि यशपाल सोनी ने स्कूल प्रबंधन को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 30 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
ये गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी राजेश, खेल प्रभारी प्रदीप सावंत, रामपुर जोन प्रभारी प्रीतम ठाकुर, जन शिकायत निवारण समिति के सदस्य राजेश लारज़ू, पूर्व पंचायत समिति सदस्य आशीष कायथ, जिला शिमला कांग्रेस कमेटी के महासचिव उमेश आर्या, बुशैहर स्पोर्ट्स एवं कल्चर संघ के महासचिव रमेश मेहता, गौरव मसोई, चंद्र बदरेल, शिमला डीपीई संघ के प्रधान गोपी मेहता, परेड कमांडर कामराज हस्टा और राज्य वरिष्ठ उपप्रधान डीपीई संघ संजय नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, स्टाफ सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में स्कूल प्रबंधन, खेल विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, स्थानीय लोगों और अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को खेल प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
