बिलासपुर | स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में आयोजित इंटर कॉलेज वुशू चैंपियनशिप में मेजबान कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की जबकि महिला वर्ग में ठियोग कॉलेज का दबदबा रहा। दो दिन तक चली प्रतियोगिता में 18 महाविद्यालयों की 29 टीमों के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में हिस्सा लिया।
घुमारवीं के खिलाड़ियों ने कई भार वर्गों में जीते पदक
इंटर कॉलेज वुशू चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में मेजबान घुमारवीं कॉलेज के खिलाड़ियों ने 52, 60 और 85 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा 48, 56, 80, 100 और 100 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में खिलाड़ियों ने रजत पदक जीते। घुमारवीं कॉलेज के खाते में 65, 70 और 90 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक भी आए। इस प्रदर्शन के दम पर कॉलेज ने पुरुष वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा किया। ओवरऑल पुरुष वर्ग में घुमारवीं कॉलेज पहले, राजकीय महाविद्यालय सोलन दूसरे स्थान पर रहा। हमीरपुर और रामपुर कॉलेज ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग में ठियोग कॉलेज का दबदबा
महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप राजकीय महाविद्यालय ठियोग ने जीती। घुमारवीं और रामपुर कॉलेज संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सोलन कॉलेज ने तीसरा स्थान हासिल किया। मेजबान घुमारवीं कॉलेज की महिला खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने 65 और 70 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं 52 किलोग्राम में रजत तथा 48 और 56 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता के समापन समारोह में बिलासपुर कॉलेज के प्राचार्य ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
