एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू | Kullu Dussehra 2026 के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के इच्छुक कलाकारों और प्रतिभाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने स्थानीय कलाकारों के साथ बाहरी प्रतिभागियों और कला दलों से भी आवेदन आमंत्रित किए हैं। सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन जमा करने की व्यवस्था अलग रखी गई है। प्रतिभागियों को तय माध्यम से ही अपना आवेदन भेजना होगा।
गायन और नृत्य के लिए ऑनलाइन आवेदन
गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी अपना आवेदन ऑनलाइन भेज सकते हैं। इसके लिए आवेदन उपायुक्त कुल्लू के आधिकारिक ईमेल पर भेजना होगा। ईमेल: dc-kul-hp@nic.in, इन दोनों श्रेणियों में जिला कुल्लू के प्रतिभागियों के साथ आमंत्रित एवं सहभागी कलाकार भी आवेदन कर सकते हैं। जिला स्तरीय लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत, नाटक, गायन और नृत्य के अलावा अन्य पारंपरिक, लोक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को अपना आवेदन जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, कुल्लू में जमा करना होगा। आवेदन व्यक्तिगत रूप से या डाक के माध्यम से कार्यालय में भेजे जा सकते हैं।
👉 यह भी पढ़ें : Kullu Dussehra 2026 : 21 अक्टूबर से शुरू होगा देवताओं का महाकुंभ, 347 देवी-देवताओं को भेजा निमंत्रण
अधूरे आवेदन नहीं होंगे स्वीकार
जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक कलाकारों और कला दलों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन में मांगी गई जानकारी सही और पूरी होना जरूरी है। अधूरी जानकारी अथवा गलत माध्यम से भेजे गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान होने वाली ये प्रतियोगिताएं स्थानीय लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को मंच प्रदान करने के साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देंगी। प्रतियोगिताओं से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, कुल्लू से संपर्क किया जा सकता है।
