एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 28 सितंबर को प्रस्तावित काशापाट दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला प्रशासन की टीम ने काशापाट पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीसी शिमला अनुपम कश्यप, एसपी शिमला गौरव सिंह और एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तैयारियों से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति भी जांची गई। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के काशापाट दौरे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों में भी उत्साह है। ग्रामीणों ने प्रशासन को कार्यक्रम के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग देने की बात कही है। 28 सितंबर को होने वाले प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासनिक अधिकारियों के काशापाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने से तैयारियों में तेजी आई है। अब संबंधित विभाग कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटे हैं।
वहीं इससे पूर्व उपायुक्त शिमला ने तकलेच स्कूल पहुंच कर वहां की व्यवस्थाओं की जांच की और छात्रों से संवाद भी किया।
