एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एचपीएसईबीएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की किन्नौर, रामपुर, ननखड़ी, आनी और निरमंड क्षेत्र की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को प्रधान गोपाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनर्स की लंबे समय से लंबित वित्तीय मांगों, महंगाई राहत और बिजली उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पेंशनर्स ने प्रदेश सरकार से लंबित वित्तीय लाभों और महंगाई राहत का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच पेंशनर्स को अपने दैनिक खर्च पूरे करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दवाइयों, खाद्य वस्तुओं, सब्जियों, बिजली और घरेलू गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर पेंशनर्स के बजट पर पड़ रहा है।
एसोसिएशन के प्रधान गोपाल ठाकुर ने कहा कि पेंशनर्स लंबे समय से अपने लंबित वित्तीय लाभों के भुगतान की मांग कर रहे हैं। सरकार को इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल कर पेंशनर्स को राहत प्रदान करनी चाहिए।
सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत अब 15 प्रतिशत हो चुकी है, लेकिन बढ़ती महंगाई के मौजूदा दौर में लंबित महंगाई राहत और अन्य वित्तीय लाभों का भुगतान समय पर होना जरूरी है। उन्होंने सरकार से पेंशनर्स के सभी लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग की।
बिजली बिलों में बढ़ोतरी पर जताई चिंता
बैठक में बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त चार्ज लगाने के फैसले पर भी चिंता जताई गई। राकेश शर्मा ने कहा कि बिजली दरों और अन्य शुल्कों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
एसोसिएशन ने स्मार्ट मीटर लगाने के फैसले को लेकर भी सवाल उठाए। लायक राम ठाकुर ने कहा कि कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में वृद्धि की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर के फैसले की समीक्षा करने की मांग करते हुए कहा कि बिजली व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
पुरानी पेंशन योजना पर स्पष्ट रुख की मांग
बैठक में पुरानी पेंशन योजना के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। राकेश शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से पुरानी पेंशन योजना को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री के समक्ष पुरानी पेंशन योजना बहाली के मुद्दे को प्रमुख्ता से उठाएं।
बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न मांगों को लेकर आगामी समय में अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। एसोसिएशन ने लंबित वित्तीय लाभ, महंगाई राहत, बिजली दरों और स्मार्ट मीटर सहित अन्य मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का निर्णय लिया। अगली बैठक 23 सितंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
