बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी में मंगलवार शाम पानी से भरी बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मासूम खेलते-खेलते बाथरूम में पहुंच गई थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बच्ची बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में अचेत अवस्था में मिली।
जानकारी के अनुसार, भराड़ी में दर्जी का काम करने वाले जाहिद अंसारी, निवासी गांव एवं डाकघर श्रीनगर, तहसील पीरपैंती, जिला भागलपुर, बिहार, मंगलवार शाम परिवार के साथ कमरे में थे। परिवार के अन्य सदस्य घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। इसी दौरान करीब शाम सात बजे उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी खेलते-खेलते बाथरूम की ओर चली गई। कुछ समय बाद परिजनों का ध्यान बच्ची की ओर गया तो वह कमरे में दिखाई नहीं दी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बच्ची बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिरी मिली। बच्ची को इस हालत में देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
👉 यह भी पढ़ें : Mandi : घर के आंगन में खेल रही पौने तीन साल की बच्ची की टब में डूबने से मौत
परिजनों ने तुरंत बच्ची को बाल्टी से बाहर निकाला और उपचार के लिए भराड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना हादसा प्रतीत हो रही है।
