एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब राजकीय महाविद्यालय ऊना ने अपने नाम किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 सितंबर तक किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरिंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने गौतम कॉलेज हमीरपुर को 2-1 से पराजित किया। राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने राजकीय महाविद्यालय चंबा को 3-0 से हराया। राजकीय महाविद्यालय ऊना ने राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर सावड़ा को 3-0 से शिकस्त दी, जबकि पीजी सेंटर शिमला ने मेजबान राजकीय महाविद्यालय रामपुर को 3-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में ऊना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने सीमा कॉलेज को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में ऊना ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और खेल भावना का परिचय दिया। मेजबान रामपुर कॉलेज की टीम ने भी प्रतियोगिता में प्रभावी प्रदर्शन किया।
