एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के गानवी क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही आवाजाही की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। गानवी खड्ड पर 120 फीट लंबे डीडीआर बेली पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। यह पुल गानवी-क्याव-कूट-किन्फी-सुरु संपर्क मार्ग पर ज्यूरी के नजदीक आरडी 0/090 पर बनाया गया है। पुल का निर्माण कार्य 19 सितंबर से शुरू होकर 26 सितंबर को पूरा हुआ। इसके साथ ही एसडीओ मैकेनिकल विंग काजा भीमसेन नेगी ने अब तक 122 बेली पुलों का निर्माण पूरा कर लिया है।

पिछले वर्ष अगस्त में आई बाढ़ के दौरान गानवी खड्ड पर बना पुल बह गया था। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद गानवी सहित आसपास के गांवों के लोगों के लिए आवाजाही बड़ी चुनौती बन गई थी। ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम, बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए खड्ड पार करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती थी तथा वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती थी।
पुल बहने के बाद ग्रामीणों की सुविधा के लिए खड्ड पर अस्थायी रास्ता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से दो बार कलवर्ट लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण दोनों व्यवस्थाएं ज्यादा समय तक टिक नहीं सकीं। ऐसे में क्षेत्र के लोग लंबे समय से स्थायी पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे।
अब बेली पुल का निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को स्थायी संपर्क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। पुल के चालू होने के बाद गानवी-क्याव-कूट-किन्फी-सुरु मार्ग पर आवाजाही सुचारू होने के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
हालांकि, पुल को यातायात के लिए खोलने से पहले तकनीकी जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद संबंधित सिविल इंजीनियरिंग विंग की ओर से यातायात बहाली को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने पुल निर्माण कार्य पूरा होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गानवी खड्ड पर 120 फीट लंबे बेली पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल को यातायात के लिए खोलने का निर्णय लिया जाएगा।
