एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में वाणिज्य विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वाणिज्य सोसाइटी का गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित आम सभा में वाणिज्य विषय से जुड़े करीब 200 विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोसाइटी के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और विभागीय गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के महत्व से अवगत करवाया गया।
आम सभा में सत्र 2026-27 के लिए वाणिज्य सोसाइटी की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। वाणिज्य विभाग की सह-आचार्य डॉ. राजन नेगी को सोसाइटी का अध्यक्ष चुना गया। तृतीय वर्ष की छात्रा यशिका को उपाध्यक्ष, योगराज को सचिव और सूजल मेहता को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पहलवी, यशिका कपाटिया और रितिका कोषाध्यक्ष चुनी गईं। वहीं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों हरीश, तमन्ना नेगी, तमन्ना, सोमया, रितिका, विशुल और निक्षित को सलाहकार सदस्य बनाया गया। सोसाइटी की गतिविधियों और कार्यक्रमों को विद्यार्थियों एवं व्यापक समुदाय तक पहुंचाने के लिए अंजलि और मानस कार्तिक को मीडिया प्रतिनिधि की जिम्मेदारी दी गई।
वाणिज्य सोसाइटी के गठन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम और विभागीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर प्रदान करना है। सोसाइटी के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, संगठनात्मक एवं संचार कौशल विकसित करने तथा व्यावसायिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
इसके तहत वाणिज्य एवं व्यवसाय से जुड़े समसामयिक विषयों पर चर्चा और परिचर्चा के साथ प्रश्नोत्तरी, भाषण, लेखन सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. हीरा भगती और डॉ. ईश्वर नेगी भी उपस्थित रहे।
