एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के ज्यूरी में बुधवार को शहीद पवन दंगल की स्मृति में रक्तदान सेवा परिवार ज्यूरी और आईटीबीपी की 43वीं बटालियन के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 51 यूनिट रक्त एकत्र कर महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी, रामपुर भेजा गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ शहीद पवन दंगल के पिता शिशुपाल दंगल ने किया। इस दौरान महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी, रामपुर से डॉ. मानसी अपनी टीम सहित शिविर के संचालन के लिए पीएचसी ज्यूरी पहुंचीं। वहीं आईटीबीपी की 43वीं बटालियन के डॉक्टर विपिन सोनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के संयोजक सुनील गुप्ता, सुनील शर्मा और अरविंद सूद ने बताया कि सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में युवाओं, व्यापार मंडल ज्यूरी, ज्यूरी और बधाल पंचायत के युवक मंडलों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि एकत्रित रक्त खनेरी अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
इस अवसर पर सुशील नेगी, सुरेंद्र नेगी, अरुण जिंटू, अजेंद्र नेगी, अजीत मेहता, हरीश सोनी, मूलराज और देशरत्न सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
