एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन में एसजेवीएन के 39वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार सुबह 6 बजे मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन की शुरुआत दत्तनगर ग्राउंड से हुई, जिसका निर्धारित मार्ग कोयल रोड तक रखा गया और वापस दत्तनगर ग्राउंड में इसका समापन हुआ। मिनी मैराथन में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें पुरुष, महिला और बच्चों के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई थीं। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ दौड़ में भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
मिनी मैराथन को मुख्य महाप्रबंधक (प्रापण एवं संविदा) बी. पी. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान रामपुर एचपीएस के विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मार्ग में आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई थीं।
समापन अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को बी. पी. सिंह ने सम्मानित किया। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
