एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मंगलवार को एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा साधुपुल के समीप दोची क्षेत्र में हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार पांच लोग साधुपुल की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 9:30 बजे दोची क्षेत्र के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों को पहले कंडाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल 24 वर्षीय युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य चार घायलों का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, कार में माता-पिता, उनकी बेटी, सास और साली सवार थे। हादसे में बेटी की मौत हुई है, जबकि अन्य सभी गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें से तीन लोग साधुपुल के निकट स्थित थोड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस तकनीकी और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
