एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को बंगलुरू में आध्यात्मिक गुरु एवं Art of Living के संस्थापक Sri Sri Ravi Shankar से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम में कार्यरत हिमाचल प्रदेश के लोगों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा गौसेवा में भाग लिया।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री और श्री श्री रविशंकर के बीच हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा बेसहारा गौवंश के संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों पर सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य भी उपलब्ध करवा रही है, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं और उपभोक्ताओं तक रसायनमुक्त उत्पाद पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘गोपाल योजना’ के अंतर्गत निजी गौ-सदनों में आश्रित गौवंश के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को 700 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये प्रति गौवंश प्रतिमाह कर दिया है। इसके अलावा बजट 2026-27 में बेसहारा गौवंश के पुनर्वास और संरक्षण के लिए कई नई योजनाएं और प्रावधान शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई गौ-अभ्यारण्य और बड़े गौ-सदनों की स्थापना की गई है। साथ ही प्रतिष्ठित स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों और इच्छुक औद्योगिक समूहों को सरकारी गौ-सदनों और गौ-अभ्यारण्यों को गोद लेने की अनुमति भी दी जाएगी।
इस अवसर पर श्री श्री रविशंकर ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती, गौ संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन पहलों को समाज और पर्यावरण के हित में महत्वपूर्ण बताया।
