एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला जिला के रामपुर उपमंडल के तहत पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च, 2027 तक सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेना के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में उपायुक्त ने भर्ती रैली के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सेना के अधिकारियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि भर्ती स्थल पर बिजली और पेयजल की निर्बाध उपलब्धता के साथ अभ्यर्थियों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भर्ती रैली से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
युवाओं को गुमराह करने वालों पर रहेगी नजर
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि सेना भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने एसडीएम रामपुर को उपमंडल स्तर पर संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भर्ती के दौरान कोई भी व्यक्ति युवाओं को गुमराह न कर सके, इसके लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहेंगी। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के प्रलोभन और भ्रामक जानकारी से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाती है, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और भर्ती निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हो।
अभ्यर्थियों के ठहरने की होगी उचित व्यवस्था
उपायुक्त ने अधिकारियों को अवेरीपट्टी आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए उचित दरों पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को ठहरने, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा, ताकि 20 से 25 मार्च 2027 तक आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
