एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव समिति के उपाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 से 27 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में दुकानों और स्टॉलों के आवंटन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, एलपीजी की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था, सजावट और अग्नि सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इसके अलावा आपातकालीन बचाव प्रबंधों, कला केंद्र के सौंदर्यीकरण, झूला-हिंडोला और जर्मन हैंगर की स्थापना, देवी-देवताओं के आगमन एवं ठहराव, सांस्कृतिक दलों के आवास तथा कार्निवाल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने ड्रोन एवं लेजर शो के आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संबंधित तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनजेडसीसी), दक्षिण क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एसजेडसीसी), विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों, महिला मंडलों और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों तथा ऑडिशन की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और व्यवस्थाओं में आने वाली संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति, पारंपरिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह उत्सव कुल्लू के गौरव से जुड़ा है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों का आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयास जरूरी है, ताकि स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उत्सव की गरिमा एवं भव्यता बनी रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस., अतिरिक्त उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
