एबारबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
उपायुक्त किन्नौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने शनिवार को नाथपा में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 के संवेदनशील ब्लॉक पॉइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि नाथपा ब्लॉक पॉइंट पर भूस्खलन और पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर अक्सर यातायात बाधित होता रहता है। इससे सेब सीजन के दौरान बागवानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी के मद्देनजर इस संवेदनशील स्थान पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सेब सीजन को देखते हुए राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि बागवानों की सेब की फसल समय पर प्रदेश और देश की विभिन्न मंडियों तक पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाथपा ब्लॉक पॉइंट पर चल रहे कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए और सेब से लदे वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।
उपायुक्त ने भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बागवानों, वाहन चालकों और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कदम उठाएं।
