एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला पुलिस ने जुब्बल में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मामले का मुख्य आरोपी चंडीगढ़-जीरकपुर से चिट्टा लाकर राष्ट्रीय राजमार्ग-705 के किनारे अलग-अलग स्थानों पर छिपाता था। पुलिस अब तक इस मामले में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और लगभग 24 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को डिटेक्शन सेल रोहड़ू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सरस्वती नगर स्थित एक होटल के कमरे की तलाशी ली थी। इस दौरान बिलासपुर निवासी रविन्दर कुमार उर्फ रवि के कब्जे से लगभग 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इस संबंध में पुलिस थाना जुब्बल में अभियोग संख्या 29/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया।
13 स्थानों पर छिपाई थीं चिट्टे की पुड़ियां
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी रविन्दर कुमार ने खुलासा किया कि वह चंडीगढ़-जीरकपुर से करीब 125 ग्राम चिट्टा लेकर आया था। उसने खड़ापत्थर से हाटकोटी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-705 के किनारे 13 स्थानों पर इसकी पुड़ियां छिपाई थीं। आरोपी की निशानदेही पर तीन स्थानों से लगभग 14 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद मामले में कुल बरामदगी लगभग 24 ग्राम तक पहुंच गई।
तकनीकी साक्ष्यों से मुख्य सप्लायर की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, व्हाट्सएप और आईपी रिकॉर्ड, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) तथा आईसीजेएस पोर्टल से प्राप्त जानकारी का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर निवासी सन्नी सिंह की पहचान मुख्य सप्लायर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था।
आगे की जांच में स्थानीय निवासी मोहित कुमार (23) की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, मोहित ने रविन्दर कुमार से 20 ग्राम चिट्टा खरीदा था। इसके अलावा उसने आरोपी के ठहरने के लिए होटल की व्यवस्था की और सप्लायर की ओर से बताए गए बैंक खाते में धनराशि जमा करवाने में भी भूमिका निभाई। पुलिस ने मोहित कुमार को 12 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पुलिस थाना जुब्बल में पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक अन्य मामला दर्ज है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
