ऊना | हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में यातायात व्यवस्था संभाल रहे सब-इंस्पेक्टर (एसआई) राजेश कुमार धीमान की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार रात भरवाईं चौक पर ट्रैफिक जाम खुलवाते समय वह दो बसों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात भरवाईं चौक पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। एसआई राजेश कुमार धीमान यातायात को सुचारू करवाने में जुटे थे। इसी दौरान एक तंग मोड़ पर दो बसें एक-दूसरे को क्रॉस करने लगीं। इस दौरान एसआई धीमान दोनों बसों के बीच बुरी तरह फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद एसआई राजेश कुमार धीमान की पार्थिव देह अंतिम सम्मान के लिए भरवाईं थाना लाई गई। यहां पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
