एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने इस वर्ष की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के अनुरूप सभी कर्मचारियों से अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति अपनाने तथा नैतिक मूल्यों को अपने दैनिक कार्यों का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर प्रशासनिक भवन से मेमोरियल तक वॉकथॉन का आयोजन भी किया गया। इसके माध्यम से सतर्कता, नैतिकता और सत्यनिष्ठा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और महिलाओं को भी सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इन आयोजनों का उद्देश्य कार्यस्थल पर ईमानदारी एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने के साथ समाज में नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है।
