एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू | हिमाचल प्रदेश में एनसीसी की वायु शाखा के लिए एक नए युग की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले के भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये की लागत से बने एनसीसी हैंगर का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान विमान को वाटर सैल्यूट (जल तोपों की सलामी) देकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों की ओर से ड्रोन और विमान के मॉडल प्रदर्शित किए, जो उनके तकनीकी कौशल और विमानन क्षेत्र में रुचि को दर्शाते हैं।
विमानन प्रशिक्षण को मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया हैंगर क्षेत्र में विमानन बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा। इससे वायु एनसीसी कैडेटों को व्यावहारिक ज्ञान, सिम्युलेटर प्रशिक्षण और उड़ान कौशल विकसित करने के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। हिमाचल में वर्ष 1972 में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद कुल्लू में बनी यह अपनी तरह की पहली विशेष सुविधा है। दशकों पुरानी प्रशासनिक और ढांचागत बाधाओं को पार करके तैयार हुई इस सुविधा से दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भारतीय वायुसेना और नागरिक उड्डयन क्षेत्र में कॅरियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

206 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं

बजौरा और पिरडी में 206 करोड़ रुपये की 25 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दे रही है। कुल्लू के सिंदूरी किस्म के 113 मीट्रिक टन अनार दुबई को निर्यात किए गए हैं, जो प्रदेश की कृषि प्रगति का प्रमाण है। इसके अलावा, मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब का खरीद मूल्य 12 रुपये से बढ़ाकर 13 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया है। राज्य सरकार सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित कर रही है।
